डीबी नेशन न्यूज बक्सर। शहर के नए रेल ओवरब्रिज (ROB) में दरार आने की खबर से लोगों में चिंता बढ़ गई है। पुल के कुछ हिस्सों में क्षति और दरार दिखाई देने के बाद प्रशासन ने एहतियातन भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी है। सुरक्षा को देखते हुए ओवरब्रिज पर अब “भारी वाहन प्रवेश निषेध” का बोर्ड लगा दिया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ओवरब्रिज शुरू होने के कुछ समय बाद ही पुल की सतह और किनारों पर दरारें नजर आने लगी थीं। इसके बाद संबंधित विभाग की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुल पर अधिक भार वाले वाहनों के चलने को खतरनाक मानते हुए फिलहाल ट्रक और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है।
हालांकि, छोटे वाहनों और बाइक के आवागमन को जारी रखा गया है, लेकिन प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बने इस ओवरब्रिज में इतनी जल्दी दरार आना निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पुल की तकनीकी जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, भारी वाहनों की नो एंट्री से शहर के कई मार्गों पर ट्रैफिक दबाव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।








.png)





