DB Nation News | बक्सर
महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर स्थित इग्नू (IGNOU) परीक्षा केंद्र पर जून 2026 सत्रांत परीक्षाएँ शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में इग्नू रीजनल सेंटर, पटना के डेप्युटी रजिस्ट्रार जे. पी. ओझा ने परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
केंद्र अधीक्षक सह समन्वयक डॉ. रास बिहारी शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान द्वितीय पाली की परीक्षा में पाँच परीक्षार्थी कदाचार करते हुए पकड़े गए। सभी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई के बाद शेष परीक्षाएँ पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं। जून 2026 सत्रांत परीक्षाएँ प्रतिदिन सोमवार से शनिवार तक दो पालियों में आयोजित की जा रही हैं।
डॉ. शर्मा ने परीक्षा संचालन में लगे सभी वीक्षकों एवं कर्मियों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सक्रियता और सजगता के कारण परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनी हुई है।
उन्होंने परीक्षार्थियों से अपील की कि वे परीक्षा के दौरान अनुशासन एवं निर्धारित नियमों का पालन करें तथा ईमानदारी के साथ परीक्षा दें, जिससे परीक्षा की गरिमा और निष्पक्षता अक्षुण्ण बनी रहे।








.png)





