बक्सर, 6 जून। इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के एक हिस्से के क्षतिग्रस्त होने के मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही शनिवार को जिला पदाधिकारी ने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता एवं रेलवे अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन पुल का स्थल निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को पुल के सभी तकनीकी पहलुओं की तत्काल जांच कराने तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुल पर किसी भी प्रकार के यातायात संचालन को अगले आदेश तक प्रतिबंधित कर दिया गया है।
इस बीच, पुल के उद्घाटन को लेकर विभिन्न माध्यमों में चल रही खबरों पर भी प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि इटाढ़ी आरओबी का अभी उद्घाटन नहीं हुआ है और यह पुल पूरी तरह निर्माणाधीन अवस्था में है।
निर्माण कार्य में हुई कथित लापरवाही को गंभीर मानते हुए संबंधित संवेदक (ठेकेदार) के विरुद्ध संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी
वहीं आमजन को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी को वैकल्पिक मार्गों के माध्यम से यातायात व्यवस्था शीघ्र बहाल करने का निर्देश दिया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तकनीकी जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।








.png)





